11,जुलाई
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पठानकोट से विधायक श्री अश्वनी शर्मा को हाल ही में पार्टी का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे आगामी 13 जुलाई, रविवार को सुबह 11 बजे चंडीगढ़ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में अपना कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण करेंगे।
इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे पंजाब से भाजपा कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है और यह आयोजन संगठन की एकजुटता और ऊर्जा का परिचायक होगा।
भाजपा लीगल सेल में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है। लीगल सेल से जुड़े अधिवक्ताओं में इस नियुक्ति को लेकर खुशी की लहर है। इस संदर्भ में लीगल सेल पंजाब के संयोजक श्री एन. के. वर्मा ने जानकारी दी कि श्री अश्वनी शर्मा के स्वागत के लिए पंजाब भर से अधिवक्ता बड़ी संख्या में भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंच रहे हैं। उन्होंने इसे संगठन के प्रति वकील समुदाय की निष्ठा और सक्रिय भागीदारी का प्रतीक बताया।
श्री वर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं को श्री शर्मा से बड़ी उम्मीदें हैं। उनके नेतृत्व में लीगल सेल को भी नई दिशा और गति मिलेगी।
पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रविवार को समय पर पहुंचने और गरिमा पूर्ण तरीके से स्वागत समारोह में भाग लेने की अपील की है।