पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) को आज एक बड़ी मजबूती मिली है। प्रसिद्ध उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. पूजा सिंह वीरवार को आधिकारिक रूप से 'आप' में शामिल हो गईं। कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण में अपने उत्कृष्ट योगदान के लिए जानी जाने वाली डॉ. पूजा सिंह का आम आदमी पार्टी में प्रवेश पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
डॉ. पूजा सिंह, जो 2004 से सौंदर्य और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रही हैं। वह कई राज्यों में 70 से अधिक प्रशिक्षण संस्थान चलाती हैं। उनके संस्थानों ने रोज़गार-उन्मुख प्रशिक्षण और करियर निर्माण के अवसर प्रदान करके हज़ारों महिलाओं, विशेष रूप से वंचित पृष्ठभूमि की महिलाओं के जीवन को बदलने में मदद की है। उनके नेतृत्व में 25,000 से ज़्यादा योग्य छात्राओं को छात्रवृत्तियां भी मिली हैं, जिनमें से कई अब सफल पेशेवर और उद्यमी हैं।