मुंबई, 10 जून
मुंबई पुलिस की कुरार इकाई ने लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर हैं। गिरोह में एक महिला सदस्य भी है।
आरोपियों में से एक अब्दुल अंसारी उर्फ अप्पू खोटा गोरेगांव ईस्ट का रहने वाला है। उसके खिलाफ 47 से ज्यादा लूटपाट के मामले दर्ज हैं। अन्य तीन आरोपियों की पहचान दीपाली भुल उर्फ दीपाली शर्मा, सूरज जाधव और आकाश पवार के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी सूरज जाधव मलाड इलाके में रहने वाला ऑटो रिक्शा चालक है। वह अन्य आरोपियों को यह जानकारी देता था कि कौन से घर बंद हैं।
इसके बाद गिरोह खाली घरों को निशाना बनाता और लूटपाट करता। अधिकारियों ने बताया कि अप्पू खोटा मुख्य आरोपी है, जो अपने साथियों को निर्देश देता था।
आरे, डिंडोशी और कुरार पुलिस स्टेशनों के साथ-साथ अन्य पुलिस स्टेशनों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, उसे पहले भी एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका है। हालांकि, खोटा ने कभी भी अपने तौर-तरीके नहीं बदले और अपराध करना जारी रखा। कुरार पुलिस में दर्ज विशेष मामले में गिरोह ने सोने के गहने और 4.72 लाख रुपये नकद चुराए थे।