जगराओं, 10 अक्टूबर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज प्रसिद्ध पंजाबी गायक राजवीर जवंदा के घर पहुंचे और इस युवा गायक की दुखद एवं असमय मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया। कुछ दिन पहले हुए हादसे में घायल जवंदा का कल मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
मुख्यमंत्री ने सुबह दिवंगत गायक के निवास पर जाकर शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा गायक के निधन से राज्य के समकालीन साहित्य, संस्कृति और कला जगत को गहरा नुकसान पहुँचा है। भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जवंदा ने जवानी की दहलीज़ पर ही इस नश्वर संसार को अलविदा कह दिया। उन्होंने कहा कि राजवीर जवंदा के निधन से जो शून्य उत्पन्न हुआ है, उसे निकट भविष्य में भर पाना आसान नहीं होगा।