रांची, 14 मई
झारखंड में बुधवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पहली दुर्घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा-चक्रधरपुर राजमार्ग पर बैहातु गांव के पास हुई, जहां एक छोटे मालवाहक वाहन की विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
मालवाहक वाहन में सवार तीन लोगों - सीनू पूर्ति (35), गंगा जारिका (36) और शिवराम हेम्ब्रम (30) की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य यात्री जगदीश हेम्ब्रम (35) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्रारंभिक उपचार के बाद टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टाटा मैजिक वाहन चकनाचूर हो गया। स्थानीय निवासियों और पुलिस ने मिलकर अंदर फंसे लोगों को बचाया।
चाईबासा मुफस्सिल थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि तीनों मृतकों को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है।
दूसरी दुर्घटना में हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र में रांची-पटना मार्ग पर जवाहर पुल की रेलिंग तोड़कर एक बोलेरो वाहन तिलैया डैम में गिर गया।